ताराकुंड पर्यटन विकास के लिए तैयार होगी नयी कार्ययोजना, ग्रामीणों के साथ करेंगे स्थलीय निरीक्षण : कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

पौड़ी : प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को पाबौ और पैठाणी क्षेत्र के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बूंगा-सिमल्थ मोटर मार्ग से प्राथमिक विद्यालय बूंगा तक संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके उपरांत उन्होंने संस्कृत विद्यालय ओड़लीनांदा में 34.74 लाख रुपये की लागत से निर्मित नव भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति, ज्ञान और परंपरा की आधारशिला है तथा इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।

इसके बाद मंत्री ने विकासखंड थलीसैंण के ग्राम पल्ली में लगभग 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण से क्षेत्रीय जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।

कैबिनेट मंत्री ने 7.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 6.40 किलोमीटर लंबे हिंवालीधार-सिरतोली मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नयी गति मिलेगी।

इस दौरान क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सिरतोली से ताराकुंड तक मोटर मार्ग विस्तार तथा ताराकुंड मंदिर के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखा। इस पर उन्होंने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि 10 जुलाई से पूर्व वे स्वयं क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा ग्राम प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर पर्यटन विकास और सड़क विस्तार की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

डॉ. रावत ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताराकुंड, भैरवखाल सहित क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़कर धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य भरत रावत, शिवचरण नौडियाल, ब्लॉक प्रमुख लता रावत, विमल नेगी, विजय रौथाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पौड़ी में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई नीट-यूजी 2026 परीक्षा, 375 अभ्यर्थी हुए शामिल

Sun Jun 21 , 2026
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश के लिए आयोजित देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!