उत्तराखंड की स्थापना की रजत जयंती पर 300 से अधिक ड्रोन ने देहरादून के आकाश को किया रोशन

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) द्वारा उत्तराखण्ड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक भव्य ड्रोन लाइट शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और प्राकृतिक सौंदर्य को प्रदर्शित किया गया।

इस कार्यक्रम में “Make In India” के तहत निर्मित 300 से अधिक ड्रोन शामिल हुए, जिन्होंने आकाश में दर्जनों आकर्षक आकृतियाँ बनाकर वातावरण को आलोकित कर दिया। शो की शुरुआत देवभूमि उत्तराखण्ड को समर्पित एक दृश्य से हुई, जिसमें भगवान शिव की जटाओं से मां गंगा के अवतरण को खूबसूरती से दर्शाया गया। इसके बाद “उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष”, “ॐ गैलेक्सी”, “त्रिशूल और डमरू” तथा “श्री केदारनाथ और श्री बदरीनाथ धाम” के भव्य दृश्यों को आकाश में प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान उत्तराखण्ड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को भी शानदार ढंग से दर्शाया गया। ड्रोन ने कलात्मक रूप से राज्य पक्षी मोनाल, पारंपरिक छोलिया नृत्य, उत्तराखण्ड के लोक वाद्य यंत्र और कुमाऊंनी पारंपरिक पोशाक में एक पुरुष आकृति का दृश्य निर्मित किया।

शो का समापन हेलीकॉप्टर एविएशन और उत्तराखण्ड सिविल एविएशन का प्रतीक चिन्ह प्रदर्शित करते हुए हुआ, जो राज्य की प्रगति, पहुँच और नई उड़ानों का प्रतीक बना। इस आयोजन ने ड्रोन आधारित Visual Storytelling की उस क्षमता को उजागर किया, जिससे पर्यटन को आकर्षक, सहभागी और सतत रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

इस अवसर पर यूकाडा के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री एस.एस. टोलिया ने कहा कि उत्तराखण्ड केवल दिव्यता और प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि ही नहीं, बल्कि नवाचार और प्रगति की भूमि भी है। यह ड्रोन लाइट शो हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जो रचनात्मक पर्यटन अनुभवों के एक नए युग की शुरुआत करता है। उन्होंने कहा कि जब हम राज्य के 25 वर्षों का उत्सव मना रहे हैं, तब हम परंपरा और तकनीक को साथ लेकर भविष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

यह कार्यक्रम सचिव सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.आशीष चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस.एस. टोलिया, हेड ऑफ ऑपरेशंस रंधीर कटोच तथा वित्त नियंत्रक दीपक चंद भट्ट के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने की जनपद विकास कार्यों की समीक्षा

Tue Nov 11 , 2025
देहरादून : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिव समन्वय तथा जनपद से संबंधित मुद्दों के समाधान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश के विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। जनपदों से संबंधित विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!