साइबर ठगी : निवेश के नाम पर महिला से 69 लाख रुपये ठगे

देहरादून : साइबर ठगों द्वारा बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला को निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर 69 लाख रुपये हड़प लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राजपुर रोड निवासी महिला, जो एक गृहिणी हैं, ने 10 फरवरी को फेसबुक पर आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड के नाम से जुड़ा एक निवेश विज्ञापन देखा। विज्ञापन में कम समय में अधिक लाभ का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद महिला को एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर खुद को “कावेरी मल्होत्रा” बताने वाली महिला ने निवेश संबंधी जानकारी दी और एक फॉर्म भरवाया।

इसके बाद पीड़िता को एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया और लॉगिन आईडी व पासवर्ड देकर एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म दिखाया गया, जहां निवेश की राशि बढ़ती हुई दिखाई देती थी। 17 फरवरी को महिला ने शुरुआत में 50 हजार रुपये निवेश किए, जो प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित भी हुए।

ठगों के झांसे में आकर महिला ने अधिक मुनाफे के लालच में लगातार निवेश बढ़ाया। 25 मार्च तक उसने अपने और अपने पति के खातों के अलावा लोन व कर्ज लेकर कुल 69 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।

जब महिला ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने 50 लाख रुपये “सिक्योरिटी” के नाम पर और जमा करने की मांग की। इस पर महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

LPG आपूर्ति व्यवस्था पर कड़ी निगरानी, 10 गैस गोदामों और प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण

Sun Apr 12 , 2026
पौड़ी : जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने तथा अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशानुसार शनिवार को पूर्ति विभाग की टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।  जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!