देहरादून : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के जन्मदिवस (31 जनवरी) के अवसर पर जनसेवा की भावना को समर्पित “सेवा सप्ताह” के अंतर्गत आज हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ऋतु भूषण खंडूड़ी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उनका समर्पण और सेवा भाव अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज की आधारशिला हैं, जो निष्ठा और समर्पण के साथ मातृ एवं शिशु कल्याण, पोषण तथा प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का कार्य केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सेवा है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को पठन-पाठन एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने कहा कि मातृ शक्ति द्वारा किया गया प्रत्येक कार्य समाज के लिए सकारात्मक और कल्याणकारी होता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियां बच्चों की प्रथम गुरु के रूप में देश की भावी पीढ़ी को गढ़ने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने आंगनबाड़ी को समाज की रीढ़ बताते हुए कहा कि इनके बिना सामाजिक विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कार्यकत्रियों से अपेक्षा की कि वे शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य एवं सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करें। सरकार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान, सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि 25 से 31 जनवरी तक मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का जन्मदिवस “सेवा सप्ताह” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, निर्मला जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, वंदना बिष्ट, संध्या थापा, ज्योति कोटिया, पूनम नौटियाल, लक्ष्मण सिंह रावत, समीर डोभाल, निर्मला थापा, अनीता सक्सेना, भावना चौधरी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
The post सेवा सप्ताह में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी रहे मौजूद first appeared on doonvoice.

