केदारनाथ में साल की पहली बर्फबारी, तापमान में आई गिरावट

रुद्रप्रयाग/ चमोली : उत्तराखंड में नववर्ष की शुरुआत के साथ ही मौसम ने पहाड़ों में ठंड का असर बढ़ा दिया है। लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को राहत देते हुए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली है। केदारनाथ धाम में इस साल की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ गई है। ताजी बर्फ की सफेद चादर से पहाड़ ढकने लगे हैं, वहीं तापमान में भी स्पष्ट गिरावट महसूस की जा रही है।

रुद्रप्रयाग जनपद के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली। गुप्तकाशी क्षेत्र में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई। उधर चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी मौसम सक्रिय रहा। मलारी में गुरुवार रात हल्की बर्फबारी हुई, जबकि हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ के नर-नारायण पर्वत, नीलकंठ और बसुधारा क्षेत्र समेत कई ऊंची चोटियों पर बर्फ जमने की सूचना है। हालांकि यह बर्फबारी ज्यादा देर तक नहीं चली, लेकिन इसका असर निचले इलाकों तक साफ नजर आया।

बर्फबारी के बाद शुक्रवार को जब मौसम साफ हुआ तो पहाड़ों पर जमी बर्फ धूप में चमकती दिखाई दी। वहीं मैदानी और घाटी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत के कुछ हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। आगामी दिनों की बात करें तो तीन और चार जनवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि पांच जनवरी को एक बार फिर मौसम में बदलाव हो सकता है। इसके बाद छह और सात जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। वहीं बीते दिन मैदानी इलाकों में घने कोहरे के चलते दिनभर ठंड का असर बना रहा और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

The post केदारनाथ में साल की पहली बर्फबारी, तापमान में आई गिरावट first appeared on doonvoice.

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

परिवार रजिस्टर में अनियमितताओं पर धामी सरकार का सख्‍त एक्शन

Sat Jan 3 , 2026
देहरादून : उत्तराखण्ड में परिवार रजिस्टर में पाई गई गंभीर अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य स्तर पर व्यापक, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच तथा अनियमितताओं के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!