धर्मपुर के प्राचीन शिव मंदिर में शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस पर आचार्य सुभाष जोशी ने बताया – ‘ॐ नमः शिवाय’ पंचाक्षर मंत्र कल्याण, शांति और मोक्ष का मार्ग

देहरादून : धर्मपुर चौक स्थित सिद्धपीठ प्राचीन श्री शिव मंदिर में श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित दिव्य एवं भव्य संगीतमय श्री शिव महापुराण ज्ञान महायज्ञ के पंचम दिवस पर कथा व्यास एवं शिव आराधक आचार्य सुभाष जोशी ने श्रद्धालुओं को भगवान शिव के पंचाक्षर मंत्र ‘ॐ नमः शिवाय’ का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि यह मंत्र अत्यंत शुभ, कल्याणकारी एवं मोक्ष प्रदान करने वाला है। उन्होंने कहा कि श्री शिव महापुराण के अनुसार यह मंत्र समस्त वेदों का सार है तथा इसके नियमित जप से मनुष्य के पाप नष्ट होकर अंततः शिवलोक की प्राप्ति होती है।

आचार्य सुभाष जोशी ने अपने प्रवचन में बताया कि पंचाक्षर मंत्र ‘नमः शिवाय’ अथवा प्रणव सहित ‘ॐ नमः शिवाय’ को सिद्ध मंत्र माना गया है। यह पाँच पवित्र अक्षरों – न, म, शि, वा और य – से निर्मित है, जिनका संबंध ब्रह्मांड के पाँच महाभूतों – पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु एवं आकाश – से माना गया है। उन्होंने कहा कि ‘शिवाय’ का अर्थ है – “मैं कल्याणकारी परम चेतना स्वरूप भगवान शिव को नमन करता हूँ।”

कथा के दौरान आचार्य ने बताया कि शिव महापुराण की वायवीय संहिता में पंचाक्षर मंत्र के जप को सच्चा शिवज्ञान एवं परम पद की प्राप्ति का सर्वोत्तम साधन बताया गया है। श्रद्धा और नियमपूर्वक इस मंत्र का स्मरण एवं जप करने से व्यक्ति मानसिक शांति, आंतरिक शुद्धि तथा सांसारिक संतापों से मुक्ति प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि जो भक्त भगवान शिव की सन्निधि में इस पवित्र मंत्र का जप करता है, वह इस लोक में सुख एवं समृद्धि का अनुभव करने के साथ अंततः शिवलोक को प्राप्त कर शिव की दिव्य कृपा का भागी बनता है।

आचार्य सुभाष जोशी ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का नियमित जप करें, जिससे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त हो सके।

आज की कथा के यजमान विधायक उमेश शर्मा, राजकुमार अरोड़ा, सुरेंद्र रावत, शांति रावत, विवेक कपूर, रीता कपूर, मदन हुरला, अर्चना ठाकुर, सुदेश हुरला एवं अन्य शिवभक्त रहे। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था सुरेंद्र रावत एवं अन्य शिवभक्तों के सहयोग से की गई।

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष सीताराम भट्ट, देवेन्द्र अग्रवाल, दीपक शर्मा, मदन हुरला, आत्माराम शर्मा, जयप्रकाश बंसल, शरद शर्मा, प्रमोद शर्मा, सुनील कौशिक, संदीप कुमार, अर्चना ठाकुर, सुदेश हुरला, शर्मिला भट्ट, मंजू, अन्नू सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने शिव महापुराण कथा का श्रवण कर पुण्यार्जन प्राप्त किया।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

धर्मपुर के प्राचीन शिव मंदिर में शिव महापुराण कथा के षष्ठम दिवस पर आचार्य सुभाष जोशी ने बताया – ‘कल्याणकारी भाव ही शिव है’

Sat Aug 8 , 2026
देहरादून : धर्मपुर चौक स्थित सिद्धपीठ प्राचीन श्री शिव मंदिर में श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित दिव्य एवं भव्य संगीतमय श्री शिव महापुराण ज्ञान महायज्ञ के षष्ठम दिवस पर कथा व्यास एवं शिव आराधक आचार्य सुभाष जोशी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिव का वास्तविक […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!