बद्रीनाथ में भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट चुराने वाला साधु गिरफ्तार, मुकुट बरामद

बद्रीनाथ : बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का मणि जड़ित स्वर्ण मुकुट चोरी करने के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, नकदी और घटना में प्रयुक्त बैग भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल के ब्रह्मचारी भगवत दास ने थाना कोतवाली बद्रीनाथ में तहरीर देकर बताया कि आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए शरण लेने वाले साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात मंदिर से भगवान नारायण का करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर थाना बद्रीनाथ में मुकदमा संख्या 08/2026 धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने इसे केवल चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था से जुड़ा संवेदनशील मामला मानते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए मुकुट की सकुशल बरामदगी और मामले के त्वरित खुलासे के निर्देश दिए गए।

एसपी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार छानबीन, संभावित ठिकानों पर दबिश और संदिग्धों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद 29 जुलाई को विवेचक उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57 वर्ष) पुत्र श्यामता प्रसाद पाठक, निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर भगवान नारायण का चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी में से 4,500 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट तथा वहीं ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी की थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी कर दी है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

चमोली पुलिस ने इस संवेदनशील मामले का मात्र 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर चोरी गया भगवान नारायण का मुकुट सकुशल बरामद कर धार्मिक आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रकरण का पर्दाफाश किया है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिला आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय

Sat Aug 1 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। मौसम विभाग की ओर से भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसी भी संभावित आपदा से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन विभाग का कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय कर दिया गया […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!