देहरादून से शव लेकर लौट रहे परिवार की गाड़ी खाई में गिरी, तीन की मौत, तीन घायल

थराली (चमोली)। चमोली जिले  के थराली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में उस समय हुआ जब एक ईको वैन अनियंत्रित होकर  गहरी खाई में जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार प्रातः करीब 5:50 बजे चौकी प्रभारी देवाल उपनिरीक्षक संदीप देवरानी ने थानाध्यक्ष थराली को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। साथ ही उपजिलाधिकारी थराली को अवगत कराते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए डीडीआरएफ टीम को भी मौके पर भेजा गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम बाँक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य भजन सिंह के पार्थिव शरीर को निजी एम्बुलेंस के माध्यम से गांव ला रहे थे। भजन सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। जबकि  बलबीर सिंह अपने परिजनों के साथ ईको वैन संख्या यूके 07डी 2979 से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए देहरादून से गांव लौट रहे थे।

वाहन में कुल छह लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे में बलबीर सिंह (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) तथा पुत्र आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं कविता देवी (32 वर्ष), मयंक सिंह (8 वर्ष) और रोशनी (18 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, DDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। खाई में उतरकर शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस द्वारा पंचनामा एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। जिस परिवार पर पहले ही एक सदस्य के निधन का दुख था, उसी परिवार को सड़क दुर्घटना ने एक और बड़ा घाव दे दिया। गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

देहरादून में आयोजित हुआ अंतर्राष्ट्रीय ब्रिक्स अकादमिक सम्मेलन

Sun May 31 , 2026
देहरादून में आयोजित हुआ अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स अकादमिक मिड-टर्म सम्मेलन का आयोजन भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 की थीम “रिज़िलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” पर केंद्रित रहा सम्मेलन देहरादून : शुक्रवार 29 मई को देहरादून में अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स अकादमिक मिड-टर्म सम्मेलन का आयोजन किया गया। दून विश्वविद्यालय में आयोजित हुए सम्मेलन […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!