चढ़ावा गबन जांच में बड़ा कदम, पुलिस ने कब्जे में लिए सीसीटीवी फुटेज

गोपेश्वर  (चमोली)। बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की राशि की गणना के दौरान कथित गबन प्रकरण की जांच में पुलिस ने शनिवार को महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाते हुए दो जुलाई के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच करेगी।

पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि निष्पक्ष विवेचना के लिए सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस जांच दल ने बीकेटीसी से गणना स्थल के सीसीटीवी फुटेज मांगे थे। बीकेटीसी ने पेन ड्राइव के माध्यम से संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं।

गौरतलब है कि बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि विवेचना के लिए पुलिस जिन दस्तावेजों और अभिलेखों की मांग कर रही है, उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं।

इधर, मामले की जांच के लिए बीकेटीसी द्वारा गठित चार सदस्यीय आंतरिक जांच समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है। संभावना है कि समिति सोमवार तक अपनी रिपोर्ट अध्यक्ष को सौंप देगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीईओ ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए बदरीनाथ मंदिर में तैनात जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां पहले से स्वीकृत थीं, उन्हें तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। सभी संबंधित कार्मिकों को कार्यस्थल पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। अब अध्यक्ष और सीईओ की अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कार्यस्थल नहीं छोड़ सकेगा।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने किया छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ

Sun Jul 12 , 2026
150 से अधिक स्टॉलों पर भारत की समृद्ध लोक कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद एवं व्यंजनों का प्रदर्शन ‘ एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने किया पौधरोपण मुख्यमंत्री बोले- लोक संस्कृति का संरक्षण और स्थानीय शिल्पकारों का सशक्तिकरण विकसित भारत की मजबूत आधारशिला केंद्रीय […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!