क्रॉप कटिंग प्रयोग में शामिल हुई डीएम स्वाति एस. भदौरिया, ग्रामीणों संग सहभागिता से बढ़ाया विश्वास और उत्साह

पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने तहसील पौड़ी के अंतर्गत राजस्व ग्राम डोभाल ढांढरी का भ्रमण कर क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम द्वारा कृषक कुलदीप सिंह के खेत में मानक के अनुसार 30 वर्ग मीटर का प्लॉट बनाकर ‘सीसीई एग्री ऐप’ के माध्यम से वैज्ञानिक पद्धति से प्रयोग संपन्न किया गया, जिसके परिणाम स्वरूप 10.86 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं भी खेत में गेहूं की कटाई की और ग्रामीण महिलाओं के साथ पारंपरिक मंडाई कार्य में हाथ बंटाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम प्रधान अर्चना रौथाण एवं स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी आजीविका के साधनों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने गांव में पेयजल की स्थिति का जायज़ा लिया और खेती व डेयरी के क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

अपने भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला, मुर्गी बाड़ा तथा पॉलीहाउस का निरीक्षण कर उनकी उपयोगिता जांची। साथ ही, गांव में नवनिर्मित सीसी मार्ग और रेलिंग का भी स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने इस दौरान तिमली से कालिंका मंदिर तक के संपर्क मार्ग के निर्माण में आ रही तकनीकी अड़चनों से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

संवाद के दौरान ग्रामीणों ने सिंचित खेतों में जंगली जानवरों द्वारा फसल को पहुँचाए जा रहे नुकसान पर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित किया। इस पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को सुझाव दिया कि वे सुरक्षात्मक घेरबाड़ के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजें, जिसे जिला योजना के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर निस्तारित किया जाएगा।

इस अवसर पर तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, एलआरओ पूरण प्रकाश, कानूनगो जगदीश चंद्र ओलिया, राजस्व उप निरीक्षक कुलदीप शाह, इंश्योरेंस कंपनी से राकेश शर्मा, सुमित सहित कई विभागीय अधिकारी एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रात्रि गश्त में पुलिस को दिखी बुजुर्ग महिला, सुरक्षित मिलवाया परिवार से

Sun Apr 26 , 2026
श्रीनगर : मानवता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक असहाय वृद्ध महिला को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, बीती रात नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम की नजर एक वृद्ध महिला पर पड़ी, जो अकेली […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!