डीएम स्वाति एस. भदौरिया के प्रयासों से जिले को शीघ्र मिलेगा आधुनिक डिस्ट्रिक्ट साइंस म्यूजियम, बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए “लर्निंग बाई डूइंग” थीम पर विकसित होगा म्यूजियम

  • विज्ञान आधारित थीम और “लर्निंग बाय डूइंग” अवधारणा पर विकसित होगा डिस्ट्रिक्ट साइंस म्यूजियम- डीएम
  • आकर्षक वैज्ञानिक लुक, इंटरेक्टिव एक्जिबिट और नवाचार से बनेगा जिज्ञासा का केन्द्र

पौड़ी : जनपद में विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक अनूठी पहल के तहत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने रविवार को तहसील पौड़ी के श्रीनगर रोड स्थित स्थापित किए जा रहे डिस्ट्रिक्ट साइंस म्यूजियम का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। नवम्बर 2025 से शुरू हुआ यह म्यूजियम अब शीघ्र ही मूर्तरूप लेने जा रहा है, जिसे लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि म्यूजियम की सभी प्रदर्शनियां इंटरेक्टिव (संवादात्मक) एवं एकरूपता लिए हों, ताकि यहां आने वाले बच्चों को सीखने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने म्यूजियम को “लर्निंग बाई डूइंग” की अवधारणा पर विकसित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि म्यूजियम भवन को ’’बाला (बिल्डिंग एज लर्निंग ऐड)’’ की थीम पर विकसित किया जाए, जिससे भवन स्वयं ही सीखने का माध्यम बन सके। दीवारों, फर्श, सीढ़ियों एवं अन्य संरचनाओं के माध्यम से बच्चों में जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए।

जिलाधिकारी ने नवाचार को बढ़ावा देते हुए निर्देशित किया कि म्यूजियम की थीम को विज्ञान आधारित स्वरूप दिया जाए, जिसमें ऑप्टिक्स, काइनेटिक, पोटेंशियल एवं डायनेमिक एनर्जी तथा मानव शरीर से संबंधित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी विकसित की जाए। साथ ही म्यूजियम भवन को बाहरी रूप से भी विज्ञान से संबंधित आकर्षक लुक प्रदान किया जाए, जिससे यह दूर से ही एक वैज्ञानिक केंद्र के रूप में पहचान बना सके।

उन्होंने निर्देशित किया कि म्यूजियम में स्थापित किए जाने वाले सभी एक्जिबिट के साइनेज स्पष्ट, सरल एवं आकर्षक हों, ताकि आगंतुकों को प्रत्येक प्रदर्शनी को समझने में सुविधा हो। साथ ही वैज्ञानिकों से संबंधित इल्युमिनेटेड एक्जिबिट पैनल भी विकसित किए जाएं, जिससे बच्चों को महान वैज्ञानिकों के योगदान से प्रेरणा मिल सके और उनका वैज्ञानिक दृष्टिकोण सुदृढ़ हो।

इसके अतिरिक्त उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि म्यूजियम में एक डेमनस्ट्रेटर की व्यवस्था की जाए, जो आगंतुकों को विज्ञान प्रदर्शनी के मॉडलों एवं विषयवस्तु के बारे में सरल एवं प्रभावी जानकारी प्रदान कर सके। साथ ही म्यूजियम में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में निर्बाध संचालन हेतु वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इन्वर्टर स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने म्यूजियम तक जाने वाली सीढ़ियों पर उपयुक्त लाइटिंग की व्यवस्था करने तथा म्यूजियम के गलियारों में पैनल लाइट स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह म्यूजियम केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनपद में जिज्ञासा, नवाचार एवं वैज्ञानिक मनोदशा विकसित करने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ इसे शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके और उनका समग्र बौद्धिक विकास हो।

साथ ही उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पौड़ी को निर्देशित किया कि म्यूजियम परिसर के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा आसपास के वर्टिकल क्षेत्र को वर्टिकल गार्डन के रूप में विकसित किया जाए, जिससे परिसर आकर्षक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बन सके। मौके पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पौड़ी संजय कुमार एवं निर्माणदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सम्मान और सेवा का संगम : धामी सरकार ने आंदोलनकारियों, सैनिकों और आमजन को दिया सशक्त सहारा

Mon Mar 23 , 2026
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में राज्य आंदोलनकारियों, सैनिकों और आमजन के सम्मान व कल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। आंदोलनकारियों और सैनिकों को सम्मान राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को सम्मान देते हुए सरकारी […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!