कोटद्वार : बाबरिया गैंग के चेन स्नैचरों को पुलिस ने पानीपत से धर दबोचा

कोटद्वार : कोटद्वार निवासी एक महिला द्वारा कोतवाली कोटद्वार में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसमें उनके द्वारा अंकित किया गया कि दिनांक 9 मई को वह कोटद्वार में घमण्डपुर की ओर विक्रम वाहन से जा रही थीं। यात्रा के दौरान उनके समीप बैठे कुछ अज्ञात व्यक्तियों/महिलाओं द्वारा बातचीत एवं धक्का-मुक्की का बहाना बनाकर उनके गले में पहनी सोने की चेन चोरी कर ली गयी तथा अभियुक्त मौके से फरार हो गये। इस संबंध में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या-115/2026, धारा- 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा चेन स्नैचिंग की इस घटना में संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी एवं घटना के सफल अनावरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। उक्त निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीमों द्वारा घटना के अनावरण हेतु वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। एक टीम को घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने तथा पतारसी-सुरागरसी में लगाया गया, जबकि दूसरी टीम को सर्विलांस एवं तकनीकी साक्ष्य संकलन का कार्य सौंपा गया। 

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से लेकर विभिन्न मार्गों एवं चौराहों पर लगे लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से परीक्षण किया गया। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के दौरान एक संदिग्ध वाहन चिन्हित किया गया, जिसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा लगातार तकनीकी निगरानी एवं सूचना संकलन किया गया। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर खास की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा कड़ी मेहनत एवं अथक प्रयास करते हुए घटना में प्रकाश में संलिप्त दो अभियुक्तों राजेन्द्र उर्फ नरेश निवासी पानीपत व मुस्कान निवासी- हरियाणा को 19 मई को पानीपत, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त राजेन्द्र उर्फ नरेश के आपराधिक इतिहास की जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि अभियुक्त एक शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना सेक्टर-29, पानीपत (हरियाणा) में लूट, चेन स्नैचिंग एवं अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंधित कुल 12 अभियोग पंजीकृत हैं।

पूछताछ का विवरण

पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया कि वे बाबरिया जाति से संबंधित हैं तथा वर्तमान में पानीपत में निवास कर रहे हैं। अभियुक्तगणों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से 9 मई को एक कार से महिलाओं के पहने हुए सोने के आभूषण चोरी करने के उद्देश्य से कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर की ओर जाना तय किया गया था। लेकिन रास्ते में लालबत्ती चौक के समीप उनकी नजर एक महिला के गले में पहनी हुई सोने की चेन पर पड़ी, जिसके उपरांत उन्होंने उक्त चेन चोरी करने की योजना बनाई।

योजना के अनुसार अभियुक्त राजेन्द्र कार से उतर गया, जबकि सह-अभियुक्ता मुस्कान एवं बबीता वादिनी के समीप विक्रम वाहन में बैठ गईं। अभियुक्ताओं द्वारा विक्रम वाहन में यात्रा के दौरान महिला को बातचीत में उलझाया गया तथा इसी दौरान मौका पाकर अभियुक्ताओं द्वारा महिला के गले में पहनी सोने की चेन चोरी कर ली गई। घटना के समय वादिनी को चेन चोरी होने की जानकारी नहीं हो सकी। घटना को अंजाम देने के पश्चात अभियुक्तगण विक्रम वाहन से उतरकर मौके से फरार हो गए। अभियुक्तगणों ने यह भी बताया कि वे चोरी की गई सोने की चेन को पानीपत ले गए, जहां उसे लगभग ₹80,000/- में बेच दिया गया तथा प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लिया गया। इस प्रकरण में फरार वांछित अभियुक्ता बबीता निवासी हरियाणा सहित अन्य संलिप्त अभियुक्तों के विरूद्ध भी कार्यवाही हेतु पौड़ी पुलिस प्रयासरत है।  

गिरफ्तार अभियुक्तगण

  • राजेन्द्र उर्फ नरेश, निवासी- मोहल्ला विकास पुरी सेक्टर 29 पानीपत हरियाणा उम्र-52 वर्ष
  • मुस्कान, निवासी- खेडा जिला जिन्द हरियाणा, हाल निवासी- उपरोक्त 

वांछित अभियुक्ता

  • बबीता पत्नी राजेन्द्र उर्फ नरेश, निवासी- पानीपत हरियाणा उम्र-48 वर्ष

बरामदगी माल

  • अभियुक्त राजेन्द्र से -13,000 रुपये 
  • अभियुक्ता मुस्कान से – 10,500 रुपये 
  • घटना में प्रयुक्त वाहन/कार संख्या HR 06 BL-3225 (टोयटो रोमिनियो) रंग सिल्वर । 

आपराधिक इतिहास

अभियुक्त राजेन्द्र के विरूद्ध थाना सेक्टर 29 पानीपत हरियाणा में लूट, चेन स्नैचिंग आदि के 12 अभियोग पंजीकृत है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पंचतत्व में विलीन हुए उत्तरखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूड़ी

Wed May 20 , 2026
हरिद्वार/देहरादून : पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि.) को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहे। मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि.) की अंतिम यात्रा […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!