2 अगस्त को युवाओं से वर्चुअली संवाद करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, उत्तराखंड के सभी जिलों में होगा सीधा प्रसारण

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माई भारत की राष्ट्रव्यापी पहल ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे और उन्हें नशे के खिलाफ एकजुट होकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश देंगे।

यह अभियान ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय विजन और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में शुरू किया जा रहा है। कार्यक्रम से देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों के जुड़ने तथा एक करोड़ से अधिक युवाओं की सहभागिता का अनुमान है। इनमें माई भारत और एनएसएस के स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, स्कूल-कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं के युवा शामिल होंगे।

उत्तराखंड में कार्यक्रम का प्रसारण सभी जिलों के माई भारत कार्यालयों और विकासखंडों में किया जाएगा। राज्य के प्रमुख आयोजन सीआईएमएस देहरादून, आईटीबीपी मातली (उत्तरकाशी), ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय देहरादून तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार में होंगे, जहां बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और युवा भाग लेंगे।

कार्यक्रम के दौरान युवा सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ लेंगे और स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ने का संकल्प दोहराएंगे। अभियान के तहत आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, ध्यान (माइंडफुलनेस) सत्र और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत देशभर में वॉकथॉन, खेल प्रतियोगिताएं, फिटनेस कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जागरूकता रैलियां और सोशल मीडिया अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही माई भारत पोर्टल पर ई-प्रतिज्ञा अभियान के माध्यम से युवाओं और नागरिकों को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।

युवाओं की रचनात्मक भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला स्तर पर लोकगीत, मूक अभिनय (माइम), लघु फिल्म एवं रील्स, चित्रकला, वाद-विवाद और नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इसके अलावा अभियान के दौरान विशेषज्ञों के जागरूकता एवं परामर्श सत्र, ग्रामसभाओं में नशामुक्त संकल्प कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान, अभिभावकों के लिए संवेदीकरण कार्यक्रम तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों और गांवों को सम्मानित करने जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय नशामुक्ति युवा कॉन्क्लेव के साथ होगा, जहां उत्कृष्ट प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के निर्माण में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बद्रीनाथ में भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट चुराने वाला साधु गिरफ्तार, मुकुट बरामद

Sat Aug 1 , 2026
बद्रीनाथ : बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का मणि जड़ित स्वर्ण मुकुट चोरी करने के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!